
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह से सोमवार को 21 ब्राउन शुगर के साथ पकड़ाए विनोद यादव उर्फ कल्लू, मो अख्तर उर्फ अन्नू और ऋषभ चौबे उर्फ अंकित को मंगलवार को पुलिस न्यायिक हिरासत में भेजने से पहले सदर अस्पताल में मेडिकल के लिए ले गई. इस दौरान ब्राउन शुगर खरीदने का आरोपी मो अख्तर उर्फ अन्नू को पुलिस ने कंधो पर उठाया हुआ था. उसकी स्थिति ऐसी थी कि वह खड़ा भी नहीं हो पा रहा था. मेडिकल के बाद विनोद और ऋषभ को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि मो अख्तर को स्थिति गंभीर होने पर उसे सदर से एमजीएम रेफर कर दिया गया जहां उसका इलाज चल रहा है. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)
इधर अख्तर की पत्नी ने पुलिस पर पिटाई करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने अख्तर को पकड़ा था तो उस वक्त वो उससे मिले थाना गई थी. दस मिनट मिलने के बाद वह वापस घर आ गई थी. इस वक्त उसकी स्थिति ठीक थी. आज जब उसे पुलिस सदर अस्पताल लेकर आई तो उसे कंधो के सहारे अंदर लाया गया. वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था. इस मामले में जब थाना प्रभारी राजेंद्र दास से उनका पक्ष लेने के लिए संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया. बता दे कि सोमवार को पुलिस ने परसुडीह के कीताडीह में छापेमारी कर 21 पुड़िया ब्राउन शुगर और 3700 रुपए नकद के साथ कारोबारी विनोद यादव उर्फ कल्लू, मो अख्तर उर्फ अन्नू और ऋषभ चौबे को गिरफ्तार किया था.





