
जमशेदपुर : झारखंड पुलिस से सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी रोमला पूर्ति ने अपने पड़ोसियों पर जबरन घर और जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिले के एसपी और एसएसपी से शिकायत दर्ज कराई है. मामला गोलमुरी थाना अंतर्गत टुइलाडूंगरी का है. रिटायर महिला पुलिसकर्मी ने बताया कि इसके पीछे गोलमुरी थाना पुलिस का भी हाथ है. जिला पुलिस मुख्यालय पहुंची महिला ने बताया कि पिछले 70 सालों से भी जिस मकान में वह रह रही थी, उस पर जबरन भूमाफिया और दबंगों ने कब्जा कर लिया है.

इतना ही नहीं जिस पुलिस विभाग में बरसों योगदान दिया आज उसी विभाग के अधिकारी भू- माफियाओं और दबंगों के साथ खड़े हो गए. महिला ने बताया कि पिछले कई महीनों से उसका पूरा परिवार भय के साए में जी रहा है. और वे सभी अपने घर में नहीं बल्कि एक गाड़ी को ही अपना आशियाना बना रखा है, और पूरा परिवार उसी गाड़ी में सोता है. महिला पुलिसकर्मी ने बताया कि उस गाड़ी में भी रात के वक्त असामाजिक तत्व तोड़फोड़ करते हैं और डराने का प्रयास करते हैं. सेवानिवृत्त महिला पुलिसकर्मी पैरों से लाचार है. आज व्हीलचेयर पर ही वह पुलिस मुख्यालय पहुंची. उन्होंने बताया कि गोलमुरी थाना पुलिस द्वारा उन्हें धमकाया जाता है ऐसे में वह आखिर जाए तो कहां जाए. फिलहाल जमशेदपुर एसएसपी ने शिकायत दर्ज कर ली है. महिला ने बताया कि एसएसपी ने कार्यवाई का भरोसा दिलाया है बावजूद इसके महिला के आंखों में खौफ साफ देखा गया.







