जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई और खरीद-फरोख्त करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वरीय पुलिस अधीक्षक को 3 जून को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में तथा पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. सूचना थी कि अवैध हथियार सप्लाई से जुड़े आरोपी जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25) और हथियार खरीदने वाला मो. रेहान हुसैन (19) के बीच हथियार की डिलीवरी होने वाली है. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई स्थित रेलवे पुल के नीचे पिलर के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया. उनकी निशानदेही पर नदी किनारे रेलवे पुल के नीचे झाड़ियों से एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद की गई. पूछताछ के दौरान जाहिद हुसैन उर्फ विक्की ने बताया कि अवैध हथियार सप्लायर एक देशी पिस्टल 40 हजार से 60 हजार रुपये तक में उपलब्ध कराते हैं और वह सप्लायर तथा खरीदार के बीच संपर्क सूत्र का काम करता था. पुलिस के अनुसार यह मामला संगठित हथियार सप्लाई और खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह से जुड़ा है तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है. उनके पास से देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद किया गया. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा गया.




