
जमशेदपुर : जमशेदपुर में अपराधी अब पुलिस से भी खौफ नहीं खा रहे, बल्कि उल्टे पुलिस के नाम पर भी रंगदारी मांगने लगे हैं. ताजा मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र का है जहां मेघदीप बिल्डिंग स्थित विनायक डेवलपर के पंकज कुमार से दो व्यक्ति खुद को थाना का सिपाही बता कर रंगदारी मांगने गए थे. हालांकि पंकज ने इसकी सूचना बिष्टुपुर पुलिस को दी और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को घटनास्थल से रंगेहाथ पकड़ लिया. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
इस संबंध में पंकज कुमार के बयान पर बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया है. पकड़े गए लोगो में बर्मामाइंस इस्ट प्लांट बस्ती निवासी बृजभूषण शुक्ला और कैलाश नगर निवासी शिवजी ओझा शामिल हैं. पूछताछ में उनके द्वार यह कबूल किया गया है कि वे लोग थाना का सिपाही बन कर अब तक 6-7 लोगों से वसूली कर चुके हैं. इस संबंध में थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने बताया कि बृजभूषण खुद को थाना में पदस्थापित सिपाही एसके सिंह कह कर लोगो से वसूली करता था. सूचना मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि थाना से कोई भी पुलिसकर्मी वसूली का काम नहीं करता है. अगर थाना क्षेत्र में किसी से भी पुलिस के नाम पर वसूली मांगी जाती है, तो फौरन इसकी सूचना थाना में या फिर 100 डायल पर दें, ताकि पुलिस ऐसे जालसाजों को पकड़ सके.





