जमशेदपुर : आर डी टाटा हाई स्कूल सी यूनिट (1996 बैच) के पूर्ववर्ती छात्रों ने रविवार को डिमना की मनोरम वादियों में होली मिलन का आयोजन किया. प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आयोजित इस समारोह में स्कूली साथियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं एवं होली की खुशियां साझा कीं. राज्य एवं राज्य के बाहर विभिन्न शहरों में रह रहे पूर्व छात्र हर वर्ष अपने व्यस्ततम जीवन से समय निकालकर इस मिलन समारोह में शामिल होते हैं. यह परंपरा पिछले नौ वर्षों से निरंतर जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्ववर्ती छात्र पप्पू कुमार सिंह ने बताया कि यह अवसर उत्सव के साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी होता है. इस दौरान कई साथी पुरानी यादों को ताजा कर भावुक भी हुए. हंसी-ठिठोली, गीत-संगीत और संवाद के बीच पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से सराबोर रहा. समारोह में पप्पू कुमार सिंह, मनोज सिंह, प्रदीप नवाब, सुनील पांडे, छोटेलाल यादव, रितेश मिश्र, के रवि, दिनेश यादव, सीनू राव, श्रवण, मृत्युंजय सिंह, राकेश पांडे, तिलक गुप्ता, सुमित कुमार सिंह, राणा देव सिंह सहित अन्य साथी मौजूद रहे.







