पटमदा: टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर एसबीआई पटमदा शाखा के समीप मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई सड़क दुर्घटना में जोड़सा के ग्राम प्रधान समेत दो लोग घायल हो गए. घायलों में जोड़सा निवासी एवं ग्राम प्रधान नवीन सिंह (40) की हालत गंभीर है, जबकि चाम्पिर गांव निवासी ब्रजेन्द्र कर्मकार (44) का इलाज चल रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नवीन सिंह बैंक संबंधी कार्य से अपनी बाइक पर ब्रजेन्द्र कर्मकार को बैठाकर एसबीआई शाखा जा रहे थे. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार वाहन आता देख उन्होंने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना में नवीन सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि ब्रजेन्द्र कर्मकार भी घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से पटमदा पुलिस दोनों घायलों को तत्काल माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। नवीन सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल भेज दिया. चिकित्सकों के अनुसार नवीन सिंह के सिर में रक्तस्राव की समस्या है और उनकी सर्जरी की तैयारी की जा रही है. वहीं, ब्रजेन्द्र कर्मकार की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.






