गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के बड़ाखुर्शी पंचायत के दारीसाई गांव में मनरेगा योजना के तहत लगे आग के बगीचे में आग लग गयी. हालांकि समय से जानकारी मिल जाने के कारण समय रहते आग पर काबू पा लिया गया एवं बगीचे में लगी आग में आम का एक भी पौधा नहीं जला. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि बड़ाखुर्शी पंचायत के दारीसाई गांव स्थित निर्मल सिंह की जमीन में लगे आम के बगीचे में गुरुवार को आग लग गयी. मनरेगा के तहत लगे आम के बगीचे में आग लगने से अफरातफरी का माहौल बन गया. आग लगने की सूचना मिलते ही लाभुक निर्मल सिंह ने ग्रामीणों के सहयोग से आम बागवानी में लगी आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि इस अगलगी में एक भी आम के पौधे को नुकसान नहीं पहुंचा. अगलगी की घटना के बारे में बताया जाता है कि गांव के निर्मल सिंह की जमीन में लगे आम के बगीचे के पास की जमीन में किसी ने आग लगा दी थी. आग की लपटें तेज होने के कारण बागवानी की सुरक्षा के लिए लगाई बांस की कुछ बल्लियां जल गयीं. वहीं बागवानी में आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ाखुर्शी पंचायत के मुखिया हरि पदो सिंह ने जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया.



