प्रकाश दास / गालूडीह : बड़ाखुर्शी पंचायत के दारिसाई तथा घुंटिया सबर बस्ती में गुरुवार को सबरों का हालचाल जानने तीन अधिकारी पहुंचे। सबरों से मिलने अनुमंडल पदाधिकारी सत्यवीर रजक, अंचल अधिकारी राजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस अभिनव पहुंचे थे। सबर बस्ती पहुंचते ही बस्ती के बुधु सबर के बैंगन की खेती को देखकर अधिकारीगण खुश हो गए। साथ अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया कि जल्द ही बेहतर खेती के लिए सिंचाई की व्यवस्था करेंगे। इसके लिए बुधु सबर को एक पंपसेट उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिला में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2023 के अंतर्गत 30 नवंबर से 06 दिसंबर तक समावेशी सप्ताह मनाया जाएगा। (नीचे भी पढ़ें)

इस अभियान के तहत थर्ड जेंडर, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह, कर्मचारियों, 80+ आयु वर्ग, दिव्यांगजन, आश्रय गृहों में रहने वाले और सभी अर्हता प्राप्त नागरिकों का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत नाम निबंधन सुनिश्चित कराना है। कहा कि 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं, अहर्तायुक्त वैसे व्यक्ति जिनका नाम मतदाता सूची में पंजीकरण नहीं हुआ है, उनका नाम पंजीकरण करने, साथ ही वोटर आईडी कार्ड को आधार से जोड़ने के लिए कहा गया। वहीं बस्ती के सात सबर बच्चियों को गालूडीह स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में करवाया पुनः दाखिला करवाया गया। (नीचे भी पढ़ें)

घुंटीया के विष्णु सबर का राशन कार्ड नहीं था। जिसके कारण अभी तक सरकारी राशन से वंचित था। बीडीओ द्वारा तत्काल कार्ड बनने का आदेश दिया गया। इसके साथ ही बस्ती के छूटे हुए 18 वर्ष से अधिक मतदाताओं का पंजीकरण के साथ साथ मतदाता सूची में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए आवेदन लिए गए। अधिकारियों ने सबरों को साफ सफाई से रहने के लिए कहा। साथ ही दारू न पीने की सलाह दी गई। मौके पर मुखिया हरिपद सिंह, पंचायत सचिव पियूष मंडल, ग्रामप्रधान जगन्नाथ सिंह, वार्ड सदस्य सुशांत सिंह, सेविका दीपाली सिंह, सहिया लखि महतो, तारा पदो महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


