बहरागोड़ा : तारापद सरोजिनी चैरिटेबल ट्रस्ट ने सोमवार को गंडानाटा राज्य संपोषित उच्च विद्यालय के छह छात्र-छात्राओं को चश्मे प्रदान किये. संगठन की ओर से पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने स्कूल के छहों विद्यार्थियों को चश्मे पहनाये. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि ट्रस्ट के सौजन्य से विगत दिनों गंडानाटा स्कूल के सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की आंखों की जांच करायी गयी थी. इस दौरान स्कूल के छह छात्र-छात्राओं की आंखों में खराबी मिली थी, जिन्हें चश्मे लगाने की हिदायत दी गयी थी. तारापद सरोजिनी चैरिटेबल ट्रस्ट ने सोमवार को उक्त छहो छात्र-छात्राओं को उनके लिए अनुशंसित चश्मे मुहैया कराये गये. आयोजन के मुख्य अतिथि कुणाल षाड़ंगी ने उन्हें अपने हाथों से चश्मे पहनाये. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर बोलते हुए कुणाल षड़ंगी ने कहा कि आंखें हमारे शरीर के महत्वपूर्ण अंगों में से एक हैं. ये बहुत नाजुक होती हैं, इसलिए उनकी पूरी देखभाल करें. थोड़ी सी भी परेशानी हो तो उसे नज़र अंदाज़ न करें. अगर आंखों से संबंधित समस्याओं को आप लंबे समय तक नज़र अंदाज़ करेंगे तो दृष्टि प्रभावित हो सकती है या हमेशा के लिए आंखों की रौशनी छिन सकती है. उन्होंने बताया कि गैजेट्स के बढ़ते चलन ने आंखों के स्वास्थ को लेकर खतरा बढ़ा दिया है. ऐसे में डिजिटल आई स्ट्रेन आंखों की एक बड़ी समस्या बनकर उभर रहा है. ऐसे में आप जितना हो सके कम से कम गैजेट्स का इस्तेमाल करें ताकि आपकी आंखें हमेशा स्वस्थ रह सकें.



