चाकुलिया : चाकुलिया के डाक बंगला परिसर में नेताजी सुभाष वेलफेयर सोसाइटी के तत्वाधान में आयोजित 21वें नेताजी सुभाष मेला सह गूंज महोत्सव ने अब अंतर्राष्ट्रीय पहचान बनानी शुरू कर दी है. महोत्सव के सातवें दिन आयोजित डांस झारखंड डांस प्रतियोगिता में यह स्पष्ट रूप से देखने को मिला जब भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करने पहुंचे. प्रतियोगिता के सातवें दिन गुरुवार की शाम मंच पर तब उत्साह दोगुना हो गया जब नेपाल के विराटनगर से आए सन्नी साहनी ने अपनी प्रस्तुति दी. यह इस बात का प्रमाण है कि गूंज महोत्सव की गूंज अब देश की सीमाओं को लांघकर विदेशों तक पहुंच रही है. (नीचे भी पढे़ं)

इस प्रतियोगिता में झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के कुल 25 हुनरमंद प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया जिन्होंने अपनी नृत्य कला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं. प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 15000 रुपये और ट्रॉफी, द्वितीय स्थान के लिए 10000 रुपये और ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान के लिए 5000 रुपये और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम का सफल संचालन ओड़िशा की मशहूर एंकर खुशी कुमार ने किया.



