गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र में घरों को रोशन करने के लिए लगाए गए बिजली के कई खंभे दुर्घटना को दावत दे रहे है. लेकिन बिजली विभाग को हादसे का इंतजार है. बड़ाखुर्शी पंचायत के पैरागुड़ी गांव के बिरिगोड़ा टोला में लगे एक खंभा जंग खाकर टूटकर गिरने के कगार पर हैं. इसके बावजूद अभी तक इस खंभे को न तो बदला गया न ही इसका कोई समाधान निकाला गया. जबकि इस सड़क से प्रतिदिन हजारों ग्रामीणों का आवागमन रहता है. साथ ही ग्रामीण इस रास्ते से अपने पशुओं को भी खेतों तक ले जाते है. बिरिगोड़ा टोला निवासी ममता महतो में बताया कि खंभा काफी जर्जर अवस्था में है. खंभा हिल रहा है. छोटे-छोटे बच्चे भी घर के बाहर खेलते है. जिससे ग्रामीणों में हमेशा अनहोनी का भय बना रहता है. ग्रामीण खंभे के पास से निकलने से भी डर रहे हैं. ऐसे में बिजली विभाग की इस अनदेखी से यहां कभी कोई बड़ा हादसा हो सकता है. इस ओर अनदेखी न करके तुरंत ध्यान देने की जरूरत है. अगर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो खंभा कभी भी गिर सकता है.



