
चाकुलिया : चाकुलिया- माटिहाना मुख्य सड़क से रोजाना दर्जनों भारी वाहन टोल टैक्स से बचने के लिए इसी मार्ग से दिन और रात में गुजरते है. बाजार होकर पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर और हल्दिया जा रहे वाहनों के कारण बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है. इससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. वही ओड़िशा के वाहन हाइवे से ना जाकर चाकुलिया होते हुए बंगाल प्रवेश करने से रोजाना सरकार को हजारों रुपये की राजस्व का नुकसान हो रहा है. वाहन मालिक टैक्स की चोरी और ओवरलोड चार्ज से बचने के लिए रात के अंधेरे में ओड़िशा से इसी मार्ग होते हुए रोजाना दर्जनों वाहन गुजरते हैं.
सड़क जाम होने पर शुक्रवार की रात चाकुलिया पुलिस थाना प्रभारी रंजित उरांव के नेतृत्व में देर रात सड़क पर बंगाल से बहरागोड़ा की ओर जा रहे भारी वाहन और बहरागोड़ा से बंगाल की ओर जा रहे वाहनों को रोककर चालकों को हिदायत देकर वापस लौटाया. मौके पर थाना प्रभारी ने चालकों से कहा कि भारी वाहनों को इस मार्ग से दोबारा लाया गया तो पुलिस कार्रवाई करेगी. पुलिस की कार्रवाई से वाहन पासिंग कराने वाले दलालों में हड़कंप मचा हुआ है. विदित हो कि बहरागोड़ा और चाकुलिया में वाहन पासिंग दलाल सक्रिय है. उक्त दलालों द्वारा रोजाना रात की अंधेरे में दर्जनों ओवरलोड वाहनों को टोल टैक्स और ओवरलोड चार्ज बचाने के उद्देश्य से माटिहाना -चाकुलिया सड़क होते हुए वाहनों को बंगाल में प्रवेश कराया जाता है. इससे रोजाना राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है.




