बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुड़िया में विगत दिनों हुई बारिश और आंधी ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है. तेज हवा के कारण क्षेत्र के समीप दो बिजली पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे भूतिया, जामजुरकी, बालीडीहा, सोनाकड़ा, धानघोरी, पांकलो और सिजुआ गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है. बिजली गुल होने से सैकड़ों परिवार अंधेरे में रहने पर मजबूर हैं और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है.ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है. मोटर नहीं चल पाने के कारण पानी की समस्या उत्पन्न हो रही है. वहीं मोबाइल चार्जिंग नहीं होने से संचार व्यवस्था भी प्रभावित हो गया है. बच्चों की पढ़ाई प्रभावित रहा है. (नीचे भी पढ़े)
ग्रामीणों ने कहा कि यह क्षेत्र पहले से ही हाथियों के विचरण के लिए संवेदनशील रहा है. बिजली नहीं रहने के कारण रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे हाथियों के अचानक गांव में प्रवेश करने का खतरा बढ़ गया है.अंधेरे के कारण लोग समय पर सतर्क भी नहीं हो पाते, जिससे किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई है. ग्रामीणों ने बताया कि बिजली खंभा टूटने की सूचना बिजली विभाग को दी गई है परंतु अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है. इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. उनका कहना है कि हर बार ऐसी स्थिति में विभाग की ओर से देरी की जाती है, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ती है. ग्रामीणों ने प्रशासन एवं बिजली विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त बिजली पोल की अविलंब मरम्मत कर शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए. साथ ही जंगली हाथियों के खतरे को देखते हुए रात्रि में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.







