बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरा पंचायत के गण्डानाटा (पुरनाडीह) गांव निवासी कंदरा मांडी के जीवन में आशा की एक नई किरण जगी. विगत कई वर्षों से दिव्यांगता के कारण उनका जीवन संघर्षों से भरा रहा, जहां हर कदम पर सहारे की जरूरत महसूस होती रही. ऐसे कठिन समय में उनकी सहयोगी गीता मांडी ने निःस्वार्थ भाव से हर परिस्थिति में उनका साथ निभाया और उनके लिए संबल बनकर खड़ी रहीं. रोजमर्रा की आजीविका के लिए दोनों प्रतिदिन बहरागोड़ा से चाकुलिया तक का कष्टसाध्य सफर तय करना पड़ता था, जो न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी अत्यंत पीड़ादायक थी.(नीचे भी पढ़े)
पंचायत समिति सदस्य गौतम कुमार मन्ना के आग्रह पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए कंदरा मांडी को ट्राइसाइकिल प्रदान की. यह ट्राइसाइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि उनके आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ते कदम का प्रतीक है. इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शिवचरण हांसदा, धनंजय मंडल, मार्शल वास्के, फागुनाथ वास्के, बाघराय बास्के, छोटे लाल मांडी, सोमाय मुर्मू, शक्तिधर मंडल, शोभा मांडी, सोमबारी मांडी, मेघराय बास्के, यदुनाथ मांडी समेत अन्य उपस्थित थे.



