जादूगोड़ा: हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जादूगोड़ा में जागरूकता व देश भक्ति की भावना जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शेफर्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल धर्मडीह के बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकाली. रैली की अगुवाई स्कूल के निर्देशक मुद्रिका शर्मा ने की. रैली गांधी मार्केट, यूसिल कॉलोनी होते हुए शिव मन्दिर पहुंचकर समाप्त हो गईं.हाथों में तिरंगा व दिल में देशप्रेम के साथ बच्चों ने अपने घरों में शान से तिरंगा फहराने व हर घर तिरंगा अभियान का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर बच्चों ने रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता व तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया. इस कार्यक्रम से तिरंगे की शान और देशभक्ति के उत्साह से पूरा शेफर्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल धर्मडीह तिरंगामय हो गया व बच्चों में उत्साह दिखा.(नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर स्कूल के निर्देशक मुद्रिका शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता,अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है.‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों समेत बच्चों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का अभियान है.यह राष्ट्र के प्रति उनके प्रेम और समर्पण को दर्शाता है. उन्होंने सभी स्कूलों बच्चों को आह्वान किया कि हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ें और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट करें. तिरंगा वितरण के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से स्कूल गूंज उठा.




