बहरागोड़ा : लोकपाल सनत कुमार महतो ने बुधवार को बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत मटिहाना पंचायत की मनरेगा परियोजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार साहू भी उपस्थित रहे. दोनों पदाधिकारियों ने क्षेत्र के सभी मुखियों, पंचायत सचिवों, रोजगार सेवकों एवं मनरेगा मेटों के साथ बैठक भी की. इस दौरान सभी को मनरेगा योजना के तहत ली जानेवाली योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी. दोनों पदाधिकारियों ने सबी मुखियों को मनरेगा के तहत संचालिय योजनाओं का निरीक्षण करने की हिदायत भी दी. इसी तरह उन्होंने रोजगार सेवकों को मनरेगा योजनाओं को सभी गांवों तक पहुंचाते हुए सभी मजदूरों को काम मुहैया कराने की की हिदायत भी दी. उन्होंने हर पंचायत में कम से कम पांच योजनाएं संचालित कराने को भी कहा. बैठक में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, कनीय अभियंता, मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, मनरेगा मेट आदि भी उपस्थित रहे.





