
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की भूतिया पंचायत अन्तर्गत चंद्रपुर में ट्रक और मोटरसाइकिल में आमने-सामने सीधी टक्कर हो गयी. इस दुर्घटना में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार सड़क दुर्घटना में ट्रक मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति को घसीटते हुए एक सौ मीटर ले गया और ट्रक और मोटरसाइकिल दोनों में आग लग गयी. जिसमें मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति का घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दूसरे व्यक्ति प्रखंड के पुरनापनी पंचायत के चांदुआ गांव निवासी रामजीत मांडी के रूप में पहचान की गई है.

घटना की सूचना पाकर बड़शोल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में कर लिया है. इस संबंध में एसआई ललित खलको ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो पायी है वही घायल युवक कुछ नही बता पा रहा है. कहा कि घायल युवक का बहरागोड़ा सीएचसी में प्राथमिक उपचार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि घटना के पश्चात ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया है. ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार ट्रक ओड़िशा नंबर का है. पुलिस घटना में मृत युवक की शिनाख्त करने में जुटी हुई है. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.




