गालूडीह : गालूडीह एनएच 33 से जोड़िसा पंचायत के छोलागोड़ा गांव के बनडीह टोला जाने वाली कच्ची सड़क पर पानी जमा हो जाने से सड़क कीचड़ से भर गयी है. फिसलन व सड़क में गड्ढे होने के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. इस मार्ग पर दोपहिया चालक अक्सर असंतुलित हो कर दुर्घटनाग्रस्त हो जा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिनों पहले एक मोटरसाइकिल सवार युवक इस सड़क पर असंतुलित हो कर गिर गया था. बरसात के दिनों में सड़क पर बने कीचड़ से फिसलन बन जाने के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रह रही है. स्थानीय लोगों ने इस सड़क को दुरूस्त कराने की संबंधित विभाग से मांग की है.



