गालूडीह : रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की गालूडीह शाखा की ओर से गालूडीह थाना में आध्यात्मिक रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन हुआ. शाखा संचालिका बीके अलका बहन ने थाना प्रभारी अंकु कुमार राय सहित उपस्थित सभी जवानों एवं पुलिस कर्मियों को परमात्म पवित्रता, प्रेम और शुभ संकल्प का रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर बीके अलका बहन ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के बीच प्रेम और सुरक्षा का पर्व नहीं, बल्कि आत्मा को बुराइयों, विकारों और नकारात्मकता से सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का पर्व है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं. जिस प्रकार वे बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को अपने मन और जीवन की आंतरिक सुरक्षा के लिए पवित्र विचारों और श्रेष्ठ संस्कारों का रक्षा सूत्र बांधना चाहिए. थाना प्रभारी अंकु कुमार राय ने ब्रह्माकुमारियों द्वारा किए गए इस आध्यात्मिक प्रयास के लिए उनका आभार जताया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मकता, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देते हैं. कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित जवानों एवं कर्मचारियों ने पवित्रता, सकारात्मकता और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के श्रेष्ठ संकल्प को अपनाने का संदेश प्राप्त किया.




