गालूडीह: गालूडीह थाना के बगल में हाइवे के उस पार स्थित टीवीएस महावीर एंटरप्राइजेज शोरूम से मंगलवार देर रात चोरों ने करीब साढ़े चार लाख रुपये की चोरी कर ली. चोरों ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा डीवीआर/हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए. शोरूम संचालक महाराज प्रसाद गुप्ता ने बताया कि शोरूम में करीब साढ़े चार लाख रुपये रखे थे. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद उन्होंने तुरंत गालूडीह थाना प्रभारी अंकु कुमार को घटना की जानकारी दी. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है. गालूडीह थाना के सामने शोरूम में हुई इस चोरी की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना के इतने नजदीक स्थित प्रतिष्ठान भी सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है. (नीचे भी पढ़ें)

लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.




