बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र के नामशोल गांव में शुक्रवार दोपहर बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गयी. मृतकों में किसान प्रभाष सिंह (45) और मजदूर चक्रधर महतो (44) शामिल हैं. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया. जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक गोभी के खेत में काम कर रहे थे. खेत का काम खत्म करने के बाद वे दो अन्य मजदूरों के साथ नीम के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन कर रहे थे. इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरी और दोनों गंभीर रूप से झुलस गए. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि पास में बैठे अन्य दो मजदूर बाल-बाल बच गए. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को तुरंत चिरूडीह नर्सिंग होम ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच कर दोनों को मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर बोड़ाम थाना की पुलिस भी गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया. अचानक घटी इस घटना ने गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.



