जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बकरी चोरी की हो रही घटनाओं के मामले में बोड़ाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक एवं एक नाबालिग को पकड़ा है. हालांकि गिरोह के अन्य सदस्य अब भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापामारी कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
मिर्जाडीह गांव में हुई ताजा चोरी की घटना के बाद पुलिस ने आजादनगर निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार किया. वहीं उसके साथ शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया. पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिससे आगे की कार्रवाई में मदद मिलने की संभावना है. थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि बोड़ाम थाना कांड संख्या 31/26 के अप्राथमिकी अभियुक्त मोहम्मद इरफान को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी की गई तीन बकरियां बरामद कर उनके मालिकों को जिम्मेनामा पर सौंप दी हैं. साथ ही, घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की आइ-20 कार को भी जब्त कर लिया गया है.







