घाटशिला : घाटशिला अनुमण्डल पदाधिकारी सत्यवीर रजक की अध्यक्षता में वन पट्टा से संबंधित घाटशिला अनुमण्डल क्षेत्र के सभी अंचलाधिकारियों एवं वन क्षेत्र पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में अंचल कार्यालयों से प्राप्त कुल 153 दावा पत्रों में सभी पर बारी-बारी से विचार किया गया. इनमें सभी 153 दावा पत्र सही पाये गये. सही पाये गये दावा पत्रों को अनुमंडल वन अधिकार समिति की अगली बैठक में सहमति प्रदान करते हुए अग्रेतर संपुष्टि के लिए अनुशंसा हेतु जिला वन अधिकार समिति को भेजने का निर्णय लिया गया. बैठक में वन पट्टा से संबंधित दावा अभिलेख प्रपत्रों की जाँच के बाद अनुमण्डल क्षेत्र के सही पाये गये कुल 153 दावा पत्रों में मुसाबनी से 13, धालभूमगढ़ से 27, डुमरिया से 28, गुड़ाबान्दा से 31, बहरागोड़ा से 23, चाकुलिया से 27, घाटशिला से 04 आवेदन शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
अनुमण्डल पदाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्राप्त दावा पत्रों की त्रुटि निराकरण तथा अंचल कार्यालय से भेजे गये संयुक्त जांच प्रतिवेदन में हस्ताक्षर के लिए लंबित दावा आवेदनों पर वन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित गति से निष्पादन कर समर्पित करें, ताकि उक्त दावा पत्रों की समीक्षा कर उन्हें अनुशंसा के साथ जिला वन अधिकार समिति को प्रेषित किया जा सके. बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचलाधिकारी, मुसाबनी, घाटशिला, चाकुलिया, बहरागोड़ा, धालभूमगढ़, डुमरिया, अनुमण्डल वन क्षेत्र पदाधिकारी, तथा सभी संबंधित अंचल निरीक्षक एवं अंचल कर्मी, मौजूद रहे.



