जमशेदपुर : जमशेदपुर के जाने-माने व्यवसायी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उमेश प्रसाद खिरवाल उर्फ टप्पू का 60 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. जमशेदपुर के जुगसलाई निवासी टप्पू खीरवाल लंबे समय से हार्ट की बीमारी से पीड़ित थे. एक माह पहले अचानक परेशानी बढ़ने के बाद उन्हें बेंगलुरु के नारायण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. जहां उनके हार्ट की सर्जरी हुई, लेकिन दुर्भाग्यवश वे होश संभाल नहीं पाए. एक माह तक कोमा में रहने के बाद रविवार को उनका निधन हो गया. इस घटना से पूरे जुगसलाई में खासकर व्यवसायिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई. कई लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. टप्पू खीरवाल जगतगुरू शंकराचार्य जी के सानिध्य में रहकर सनातन हिंदू विचारधारा का प्रचार प्रसार करते रहे हैं. वे धर्म प्रेमी थे. उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है. (नीचे देखे पूरी खबर)

उनके हार्ट का ऑपरेशन हुआ था और ब्रेन प्रभावित हो गया था. उसके बाद बेंगलुरु में उनका इलाज चल रहा था. जहां उन्होंने रविवार को अंतिम सांस ली. सोमवार को पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से आएगा और दोपहर तीन बजे जुगसलाई डी कोस्टा रोड स्थित आवास से अंतिम यात्रा शुरू होगी. शिव घाट जुगसलाई में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. उमेश प्रसाद खिरवाल की दो बेटी और एक बेटा है. दोनों बेटियों की 2 वर्ष पहले उन्होंने शादी की थी. बेटे की शादी नहीं हुई है. अचानक और असमय उनका चला जाना परिवार के लिए एक बड़ी मुसीबत है.



