
जमशेदपुर : सम्पूर्ण भोजपुरी विकास मंच के तत्वाधान में शनिवार को केबुल टॉउन में स्व भिखारी ठाकुर की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर भोजपुरी महानायक, कवि, गीतकार, नाटककार, लोक संगीतकार, नाट्य निर्देशक भिखारी ठाकुर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सम्पूर्ण भोजपुरी विकास मंच के महामंत्री प्रदीप सिंह भोजपुरिया ने कहा कि जननायक भिखारी ठाकुर ने बिदेसिया, बेटी- बेचवा, कलजुग प्रेम, राधेश्याम बहार, विधवा-विलाप, पुत्रबध एवं गबरघिचोर आदि नाटकों के माध्यम से भोजपुरी पट्टी की सामाजिक रूढ़ियों को सामने रखा। वे महान भोजपुरी नाटककार, कलाकार, निर्देशक, गीतकार, संगीतकार थे। सम्पूर्ण भोजपुरी विकास मंच सरकार से मांग करता है कि उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न सम्मान दिया जाये। भोजपुरी के शेक्सपियर कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर का जऩ्म बिहार के सारण जिले के कुतुबपुर दियरा गांव में हुआ था. भोजपुरी संस्कृति के मसीहा की लिखी बिदेसिया, भाई विरोध, कलयुग प्रेम, ननद भौजाई, राधे श्याम बहार आदि मुख्य कृतियां हैं. इस अवसर पर भोजपुरी समाज के लोगों ने उनके बताये हुए रास्ते एवं उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से शहर के वरीय व्यंग्य साहित्यकार अरबिंद विद्रोही, यमुना तिवारी ‘हर्षित’, कौशलेश कुमार, ललित पाण्डेय, राजेश पाण्डेय, राजेश राय समेत अन्य लोग उपस्थित थे।



