जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित धर्म सास्था मंदिर में चल रहे 75वें सास्था प्रीति महोत्सव के तहत मंगलवार को भगवान धर्म सास्था की स्थापना कर महा कल्याण महोत्सव का आयोजन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
धर्म सास्था मंदिर में सास्था प्रीति महोत्सव के तहत मंगलवार के अनुष्ठानों की शुरुआत प्रति दिन की भांति महा गणपति होम के साथ हुई. इसके पश्चात वेद पंडितों ने भगवान धर्म सास्था की श्री पूर्णा एवं श्री पुष्कला के साथ पूरे विधि-विधान के साथ स्थापना की. इसके पश्चात पुरोहितों ने उनके विवाह की सारी परंपरागत विधियां संपन्न कराईं. इसके बाद पुरोहितों के द्वारा भगवान धर्म सास्था का कलशाभिषेक संपन्न कराने के पश्चात महा आरती की गयी. महा आरती में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की. इसके साथ ही आज का यज्ञानुष्ठान संपन्न हुआ एवं मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने यज्ञ में शामिल श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया.(नीचे भी पढ़ें)
संध्या समय मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें चेन्नई से पधारीं प्रसिद्ध आध्यात्मिक प्रवचन कर्ता प्रमिला गुरुमूर्ति ने उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच भगवान धर्म सास्था के बारे में प्रवचन किया. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस प्रवचन का लाभ उठाया.





