जमशेदपुर : भीषण गर्मी के मौसम में पक्षियों एवं मूक पशुओं की प्यास बुझाने के उद्देश्य से डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बर्मामाइंस के विद्यार्थियों ने एक सराहनीय सामुदायिक सेवा अभियान चलाया. इस अभियान के अंतर्गत बर्मामाइंस, जेम्को, भक्तिनगर एवं लक्ष्मीनगर क्षेत्र में कुल 50 सीमेंटेड जलपात्र (पानी के पात्र) स्थापित किए गए, ताकि पक्षियों और आवारा पशुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके. यह पहल विद्यालय के सामाजिक एवं भावनात्मक अधिगम कार्यक्रम का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सहानुभूति, करुणा एवं सभी जीवों के प्रति संवेदनशीलता का विकास करना है. इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि पृथ्वी पर रहने वाले प्रत्येक जीव के प्रति हमारी जिम्मेदारी है और उनकी देखभाल करना भी मानवता का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस सेवा कार्य में विद्यालय की प्राचार्य प्रभारी रंजिता गांधी, शिक्षिका मोना भूमिज तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. (नीचे भी पढ़ें)

विद्यार्थियों ने स्वयं जलपात्रों की स्थापना कर उनमें पानी भरने का कार्य किया तथा स्थानीय लोगों को भी नियमित रूप से इन पात्रों में पानी भरने के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर रंजिता गांधी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों का समग्र विकास करना भी है. ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में दया, करुणा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करते हैं, जो उन्हें बेहतर नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं. विद्यालय की यह पहल समाज में मानवता, पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति प्रेम का संदेश देने वाली एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी है.







