जमशेदपुर : जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहा हैं. ताजा मामला गोलमुरी थाना अंतर्गत टिनप्लेट एचपी पेट्रोल पंप के समीप का है, जहां मंगलवार दोपहर एक महिला से बदमाशों ने सरेआम पर्स की छिनतई कर ली और फरार हो गए. पीड़िता की पहचान नामदा बस्ती निवासी तारा दुबे के रूप में हुई है. इस घटना ने क्षेत्र की महिलाओं में असुरक्षा की भावना को और बढ़ा दिया है. घटना दोपहर करीब एक बजे की है जब तारा दुबे टिनप्लेट एचपी पेट्रोल पंप की ओर जा रही थीं उसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और तेज़ी से भाग निकला. घटना के वक्त सड़क पर कुछ लोग मौजूद थे, लेकिन बदमाश इतनी फुर्ती से वारदात को अंजाम देकर भागा कि कोई कुछ समझ ही नहीं पाया. पीड़िता ने गोलमुरी थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई है. (नीचे भी पढ़ें)
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, छीन लिए गए पर्स में लगभग 15 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, घर की चाबी और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे. पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. गोलमुरी थाना प्रभारी राजन ने बताया कि छिनतई की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाश की पहचान की जा सके. उन्होंने यह भी कहा कि महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने में सफलता मिलेगी.




