जमशेदपुर : जमशेदपुर में दुर्गापूजा का शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ ऐहतेशाम वकारिब ने शनिवार को साकची स्थित जिला नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से शहर के प्रमुख क्षेत्रों, संवेदनशील चौक-चौराहों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की गतिविधियों का जायजा लिया और जिले की विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने जिला नियंत्रण कक्ष में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली. उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में हो रही गतिविधियों पर नजर रखते हुए निगरानी व्यवस्था की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. साथ ही, पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

एसएसपी डॉ ऐहतेशाम वकारिब ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे लगातार निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें. उन्होंने जिला नियंत्रण कक्ष एवं क्षेत्र में तैनात पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और सूचना तंत्र को प्रभावी बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. इसके लिए सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें. किसी भी परिस्थिति में लापरवाही नहीं बरती जाए तथा आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. (नीचे भी पढ़ें)

एसएसपी ने निर्देश दिया कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी की जाए और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया जाए. उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने तथा पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द का वातावरण सुनिश्चित करने के लिए तत्पर रहने को कहा. जिला पुलिस प्रशासन दुर्गा पूजा पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है. पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें और पर्व का आयोजन सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.





