जमशेदपुर : जमशेदपुर में सोमवार रात बिस्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह कब्रिस्तान के पास उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को इलाके में फ्लैग मार्च निकालना पड़ा. बताया जा रहा है कि पहला पक्ष, हरिजन बस्ती के लोगों के अनुसार, 15 वर्षीय कुणाल सिंह, रणवीर मुखी, जय मुखी और अन्य युवक फुटबॉल खेल रहे थे. इसी दौरान गेंद कब्रिस्तान के अंदर चली गई. जब सभी युवक गेंद लेने अंदर गए, तभी इम्तियाज़ नामक युवक वहां पहुंचा और उन पर टेंट हाउस से चोरी का आरोप लगाने लगा. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. इस झड़प में कुणाल सिंह का हाथ टूट गया, जबकि रणवीर मुखी और जय मुखी को हल्की चोटें आईं. घायल कुणाल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, दूसरे पक्ष के इम्तियाज़ के परिजन का कहना है कि उनका अप्सरा टेंट हाउस है और उसका सामान मुसाई बाबा मजार के पास एक दुकान में रखा जाता है. उन्होंने मोबाइल के जरिए सीसीटीवी में कुछ युवकों को दुकान से कपड़ा निकालते हुए देखा, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और पूछताछ करने लगे. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और हाथापाई हो गई. (नीचे देखे पूरी खबर)

आरोप है कि इस घटना के बाद हरिजन बस्ती के लोग आक्रोशित होकर हाउरह बेकरी के पास पहुंचे और परवेज खान के मकान पर जमकर उत्पात मचाया. वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई. बताया जा रहा है कि गलतफहमी में उस मकान को अप्सरा टेंट हाउस का ठिकाना समझ लिया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में फ्लैग मार्च किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. बड़ी संख्या में हरिजन बस्ती के लोग बिस्टुपुर थाना पहुंचे, जहां पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.



