जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज के पास स्थित सोरेन वरायटी स्टोर में चोरी की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, दो युवकों ने दुकान की एस्बेस्टस शीट काटकर चोरी को अंजाम दिया. घटना में करीब 20 से 25 हजार रुपये मूल्य के सामान चोरी होने का अनुमान है. चोरी के दौरान स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को धर-दबोचा और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बागबेड़ा बजरंग टेकरी निवासी संजय साहु के रूप में हुई है. (नीचे भी पढे़ं)
वहीं उसका दूसरा साथी, बागबेड़ा का ही रहने वाला नोगो, मौके से फरार होने में सफल रहा. इस मामले में करनडीह के कीनूडीह निवासी वासु सोरेन ने परसुडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. परसुडीह थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे दुकानदारों में आक्रोश है. वहीं पुलिस का दावा है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके.



