जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अमल संघ के पास एक क्वार्टर में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. चोरों ने क्वार्टर नंबर एल 4/39 निवासी टाटा स्टीलकर्मी राकेश कुमार झा के घर को निशाना बनाते हुए 10 से 12 हजार नकदी और लाखों रुपये के जेवरात की चोरी कर ली. घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार गांव गया हुआ था और घर की देखरेख की जिम्मेदारी एक परिचित के पास थी. जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे घर की देखभाल कर रहा व्यक्ति क्वार्टर को बंद कर ड्यूटी पर चला गया. (नीचे भी पढ़े)
इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने पीछे के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी तोड़कर नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गए.दोपहर करीब 2 बजे जब राकेश कुमार झा गांव से लौटे, तो घर की स्थिति देखकर हैरान रह गए. अंदर सामान बिखरा पड़ा था और दरवाजा व अलमारी टूटे हुए थे. उन्होंने तुरंत स्थानीय थाना को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.







