जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना से सटे शिव हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया. चोर मंदिर की दीवार फांदकर अंदर घुसा और तीन दान पेटियों का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया. पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. (नीचे भी पढे़ं)
मंदिर के सेवक मुन्ना पात्रों ने बताया कि रोज की तरह जब सुबह मंदिर का कपाट खोला गया तो तीनों दान पेटियों के ताले टूटे हुए थे. अंदर बिखरा सामान देख चोरी की आशंका हुई, जिसके बाद तुरंत सीतारामडेरा थाना को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चोर की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. थाना से सटे मंदिर में चोरी की घटना ने पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.







