जमशेदपुर : टाटा स्टील में केबल चोरी करने के आरोप में सुरक्षा कर्मियों ने तीन युवकों को पकड़कर बिष्टुपुर पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी निवासी एमडी फैज (23), एमडी राजू (32) और मुबारक अली (24) के रूप में हुई है. उनके पास से करीब 42 किलो इंसुलेटेड कॉपर केबल बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 10,990 रुपये बताई गई है. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा स्टील के सुरक्षा विभाग में सहायक सुरक्षा निरीक्षक के पद पर कार्यरत रविकांत ठाकुर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 19 अक्टूबर की रात उनकी ड्यूटी थी. 20 अक्टूबर की रात करीब 2:10 बजे ट्रैक हॉपर-4 क्षेत्र में गश्त के दौरान उन्होंने अपने साथी सुरक्षाकर्मियों समीर कुमार कलुंडिया और चंद्रकांत के साथ तीन संदिग्धों को केबल ले जाते देखा. रोकने पर तीनों भागने लगे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने खदेड़कर उन्हें पकड़ लिया. इसके बाद तीनों को प्राथमिक उपचार दिलाकर बिष्टुपुर थाना लाया गया. पुलिस को आरोपियों और बरामद सामान के संबंध में उचित कानूनी कार्रवाई के लिए आवेदन सौंपा गया है.





