
जमशेदपुर : मानगो कालिका नगर के लोगों के साथ भाजपा नेता विकास सिंह बुधवार को उलीडीह थाना पहुंचे, जहां उन्होंने बिजली का केबल बिछाने वाली कंपनी केईआई के खिलाफ केस दर्ज कराया है. बताया जाता है कि कालिका नगर के मुहाने पर केईआई कंपनी के द्वारा केबल बिछाने का का कार्य किया जा रहा है. कार्य के दौरान लापरवाही बरती गई है. बिना ट्रायल पिट काटे हुए जेसीबी मशीन से गड्ढे कर दिए गए, जिसका दुष्परिणाम यह हुआ की पेयजल आपूर्ति की पाइप, जिससे कालिका नगर में पानी की सप्लाई होती है, वह पाईप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. इस कारण कालिका नगर में विगत पांच दिनों से जलापूर्ति नहीं हो रही है. लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं. कालिका नगर के लोग रोजी-रोजगार छोड़कर पानी के जुगाड़ में पांच दिन से लगे हुए हैं. लोगों को लग रहा था कि 2 दिन से मानगो में पानी नहीं आ रहा है. आज जब मानगो में पानी की आपूर्ति शुरू हुई तो लोगों ने सोचा कि कालिका नगर में भी पानी आ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, जिससे लोग आक्रोशित हो गए और थाने में मुकदमा दर्ज करवाया. स्थानीय लोगों के द्वारा केईआई कंपनी के पदाधिकारियों से संपर्क किया गया. उन्होंने ने पाइप निर्माण में अपनी असमर्थता जताई. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार कंपनी के पदाधिकारियों ने बताया कि हमारे पास पाईप निर्माण करने के संसाधन नहीं है और पेयजल स्वच्छता विभाग के संवेदक के द्वारा कहा जाता है कि पाइप जिसके द्वारा तोड़ा गया है बनाया उसी के द्वारा जाएगा. इसका खामियाजा कालिका नगर के लोग भुगत रहें. तब समस्या का समाधान नहीं होता देख स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह से संपर्क किया. विकास सिंह स्थानीय लोगों के साथ उलीडीह थाना में जाकर केईआई कंपनी के प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है. विकास सिंह ने कहा कि जल ही जीवन है और किसी के जीवन से खिलवाड़ करने का हक अधिकार किसी को नहीं है. लोगों की रोजमर्रा की जरूरत है पानी. तनिक लाभ के लिए किसी के द्वारा पानी की पाइप को क्षतिग्रस्त कर देना बहुत बड़ा अपराध है. विकास सिंह ने कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर पाइप की मरम्मत नहीं की गई और कालिका नगर में जलापूर्ति शुरू नहीं हुई तो मानगो के किसी भी इलाके में केईआई कंपनी का काम नहीं चलने दिया जाएगा. इस दौरान हरकदेव प्रजापति, पंकज सुमन शर्मा, महेश सिंह, राजू प्रजापति, गोपी चौधरी, संजय दत्ता, सुरेंद्र प्रसाद, दीपांकर पोद्दार, योगेंद्र दास, अनिल कुमार, कुश सिंह, राम सिंह कुशवाहा, मनोज ओझा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.






