
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के पिपला स्थित गांव बाघानंद में परसुराम टुडू की हत्या के मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. इस हत्याकांड में पुलिस ने परसुराम की पत्नी सुमन टुडू और उसके प्रेमी लच्छू हांसदा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना 30 अगस्त की रात से 31 अगस्त के बीच की बताई जा रही है. मृतक के परिजन विरजू राय टुडू की शिकायत पर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. (नीचे देखे पूरी खबर)
शिकायत के बाद पुलिस ने जब पूछताछ की तो पत्नी सुमन ने हत्या की बात स्वीकार कर ली. उसने पुलिस को बताया कि पति परसुराम की हत्या उसने अपने प्रेमी लच्छू के साथ मिलकर की थी. सुमन ने खुलासा किया कि योजना बनाकर दोनों ने पहले खेत में ही हत्या को अंजाम दिया. लच्छू ने पास के पेड़ से एक टहनी काटकर लाठी बनाई और कटारी के साथ मिलकर परसुराम पर हमला कर दिया. लगातार हमले के बाद परसुराम की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि लच्छू गालूडीह का रहने वाला है और लंबे समय से सुमन के संपर्क में था. पति को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है. ग्रामीणों का कहना है कि परशुराम मेहनतकश और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे. वहीं, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की तहकीकात जारी है और घटना से जुड़े और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.





