जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रबंधन विभाग के एमकॉम सेमेस्टर-4 की छात्राओं ने औद्योगिक संप्रेषण (इंडस्ट्रियल कम्युनिकेशन) कार्यक्रम के लिए रूसी मोदी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शैक्षणिक भ्रमण किया. कार्यक्रम का मुख्य विषय “औद्योगिक संप्रेषण” था, जिसमें उद्योगों में प्रभावी संचार, कॉर्पोरेट संस्कृति, संगठनात्मक व्यवहार एवं औद्योगिक विकास में संचार की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई. (नीचे भी पढ़ें)

विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न कार्यक्रम को सफल बनाने में विभागाध्यक्ष डॉ कामिनी कुमारी का अहम योगदान रहा, जिनके प्रयासों से एमकॉम की छात्राओं को यह महत्वपूर्ण शैक्षणिक अनुभव प्राप्त हुआ. कार्यक्रम के मुख्य वक्ता स्वरूप सेनगुप्ता थे, जिन्होंने औद्योगिक संप्रेषण के व्यावहारिक पक्षों तथा टाटा ग्रुप की कार्य संस्कृति और संचार प्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला. नीतीश राज ने पूरे कार्यक्रम के दौरान सतत सहयोग प्रदान किया. सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख का भी कार्यक्रम की सफल व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान रहा. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने टाटा स्टील की विकास यात्रा तथा जमशेदपुर के औद्योगिक इतिहास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं. छात्राओं को औद्योगिक विकास, कॉर्पोरेट मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की व्यापक जानकारी भी दी गई. इसके अतिरिक्त, छात्राओं को एक कला प्रदर्शनी भी दिखाई गई, जिसमें विभिन्न ललित कलाओं का प्रदर्शन किया गया. इस प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को औद्योगिक ज्ञान के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सृजनात्मक दृष्टिकोण से भी समृद्ध किया.



