जमशेदपुर: जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की बीएड सेकंड सेमेस्टर की छात्राओं ने गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर इंटर्नशिप सेंटर बदलने की मांग की. कॉलेज की छात्राओं का कहना है कि उन्हें जिले भर के विभिन्न स्कूलों में इंटर्नशिप के लिए भेजा जा रहा है. कुछ छात्राओं को 40 किलोमीटर तो कुछ को 60 किलोमीटर दूर के स्कूलों में सेंटर दिया गया है. छात्राओं ने बताया कि इतनी दूर जाने में समय की बर्बादी होगी और ट्रैवल्स का खर्च भी ज्यादा आएगा. साथ ही, सुरक्षा की दृष्टि से भी यह उचित नहीं है. छात्राओं ने उपायुक्त से मांग की है कि उन्हें शहर के ही किसी नजदीकी स्कूल में इंटर्नशिप करने की अनुमति दी जाए. इस दौरान छात्राओं ने कहा कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगी.



