
रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और विधायक सुदेश कुमार महतो ने राज्य सरकार से एक बार फिर राज्य में जातीय जनगणना कराने की मांग की है. आजसू पार्टी कार्यालय में बुधवार को विधानसभा प्रभारियों संग बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अब कांग्रेस पार्टी ने भी जातीय जनगणना की मांग को लेकर आवाज उठायी है. सत्तारूढ़ कांग्रेस इस मांग के अनुरूप सीधी और शीघ्र पहल करे. बिहार समेत कई राज्यों में वहां की सरकार ऐसा करा भी रही है. झारखण्ड में इसके लिए उनके स्तर से सीएम को चिट्ठी भी लिखी गयी है. अलग-अलग मंचों पर वे और उनकी पार्टी इसके लिए मांग उठाती रही है. सुदेश महतो के मुताबिक विधानसभा प्रभारियों के साथ बैठक में यह फैसला लिया गया कि 30 अप्रैल को रांची में पार्टी की ओर से राज्यस्तरीय सामाजिक न्याय मार्च निकाला जायेगा. इसे लेकर सभी प्रभारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिये गये हैं. बैठक में विधायक सुनीता चौधरी, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता और अन्य भी उपस्थित हुए.




