चतरा : झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में 23 फरवरी को हुए एयर एंबुलेंस हादसे से जुड़ा एक अहम सुराग 21 दिन बाद सामने आया है.रविवार को कासियातू–करमटांड जंगल में महुआ चुनने गए ग्रामीणों को विमान का इंजन और कुछ अन्य मलबा दिखाई दिया.अचानक जंगल में विमान के हिस्से देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद उन्होंने तुरत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही सिमरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इंजन समेत अन्य मलबे को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.बताया जा रहा है कि विमान का इंजन मुख्य दुर्घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में मिला है.पुलिस का मानना है कि दुर्घटना के दौरान तेज टक्कर और विस्फोट के कारण विमान के कई हिस्से दूर-दूर तक बिखर गए थे. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि 23 फरवरी को इसी इलाके में एक एयर एंबुलेंस क्रैश हो गया था, जिसमें पायलट समेत कुल सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी. हादसे के बाद से ही जांच एजेंसियां विमान के बिखरे हिस्सों की तलाश कर रही थीं. सिमरिया थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद इंजन को सुरक्षित रख लिया गया है और जांच टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है. अधिकारियों को उम्मीद है कि इंजन मिलने से हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है.



