रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता और गुरुजी शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर दिल्ली में कैंप कर रहे है. अभी गुरुजी शिबू सोरेन के स्वास्थ्य में सुधार नजर आया है. 24 जून से ही वे लगातार दिल्ली में कैंप कर रहे है. वहीं, से राज्य सरकार का कामकाज देख रहे है. अब वे 9 जुलाई को रांची पहुंचेंगे. वे 10 जुलाई को रांची में होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे. इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हिस्सा लेंगे. इसके बाद वे 11 जुलाई को कैबिनेट की बैठक करेंगे. इसके बाद फिर वे दिल्ली लौट जायेंगे.(नीचे भी पढे)
बताया जाता है कि काफी दिनों के बाद कैबिनेट की बैठक होगी. लिहाजा, करीब 30 से अधिक प्रस्ताव कैबिनेट में पेश किया जा सकता है. नगर निकायों के चुनाव को लेकर भी सरकार इसमें पहल कर सकती है. दूसरी ओर, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में इलाजरत राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन से मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम जाना. मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. विदित हो कि सफल हार्ट सर्जरी होने के उपरांत हफीजुल हसन यहां चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं.



