रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरीय विधायक और बोरियो विधानसभा से विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने एक बार फिर से अपनी ही सरकार पर हमला बोला है. श्री हेम्ब्रम ने रांची में संवाददाता सम्मेलन कर शायराना अंदाज में अपनी ही सरकार पर तंज करते हुए कहा कि झारखंड को अपनों ने लूटा, गैरों में कहां दम था, कश्ती वहीं डूबी जहां पानी कम था. लोबिन हेम्ब्रम ने घोषणा की है कि वह 7 मार्च से अन्याय यात्रा पर निकलेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में झारखंडियों के साथ अन्याय हुआ है. वह अन्याय यात्रा निकालकर आदिवासी-मूलवासी का राग अलापने वालों को बेनकाब करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि गुरुजी ने जैसा सोचा था और जिस तरह का झारखंड वह चाहते हैं यदि पार्टी वैसा बनाने में उनका साथ देगी तो ठीक वरना मेरी राह अलग होगी. लोबिन हेम्ब्रम ने झारखंड बचाओ मोर्चा का गठन किया है. इस कमेटी में वह संयोजक पद पर हैं लेकिन उसे भविष्य में राजनीतिक दल के तौर पर रजिस्ट्रेशन कराने पर विचार किया जा सकता है. लोबिन हेम्ब्रम ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में आदिवासी और मूलवासी का राग अलापने वालों ने आदिवासियों को केवल ठगा है. उनको लूटा है. आदिवासियों के नाम पर कमाया लेकिन उन्हें कुछ दिया नहीं. इस बीच लोबिन हेम्ब्रम ने संकेत दिए हैं कि वह राजनीति में अपनी राह अलग करेंगे. उन्होंने कहा कि झारखंड की जमीन से हमारा रिश्ता अटूट है। हालांकि, उन्होंने कहा कि दिशोम गुरू शिबू सोरेन उनके लिए सम्मानीय हैं और हमेशा वही मेरे गुरू रहेंगे.




