जमशेदपुर : राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने कहा कि आज पूरे देश और देश के बाहर अन्य देशों में भी में मजदूरों से 8 घंटा से अधिक कार्य करवाया जाता हैं. मजदूरों के हित को संरक्षित करने के लिए विभिन्न देशों में कई तरह के कानून बनाए गए हैं. सरकार के द्वारा मजदूरों के लिए बनाए गए नियम–कानून के अनुसार उनको उनका हक–अधिकार दिलाने के लिए देशभर में आंदोलन होते रहते है. श्री महतो ने कहा कि हम लोग भी मजदूरों के हित में आंदोलन करते रहे हैं. एक बड़ी जमात है असंगठित मजदूरों की जिनकी समस्या को सुनने वाला कोई नहीं है. वे ठेका पर आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से कार्यरत मजदूर हैं. आधुनिक युग में फैक्ट्री में मशीनों के माध्यम से विभिन्न तरह के कार्यों को संपादित किया जा रहा है. मजदूरों की संख्या लगातार घट रही है. एक दिन ऐसा आएगा जब फैक्ट्री में मजदूर ना के बराबर रह जाएंगे और सीमित मैनपावर में ऑटोमेटिक सिस्टम से ही सारा कार्य संचालित होगा. टाटा स्टील हो या फिर अन्य औद्योगिक घराने सभी जगह पर असंगठित मजदूरों की समस्या बनी रहती है. (नीचे भी पढ़ें)
प्राइवेट कंपनी की मंशा रहती है कि मजदूरों को कितने सस्ते दर में कार्य कर ले जिससे उन्हें अधिक मुनाफा हो जाए. मजदूरों की खराब स्थिति को देखने वाला कोई नहीं है हम लोग मजदूर दिवस के दिन यह संकल्प लेते हैं कि हम लोग मजदूर के हित में आंदोलन को और आगे बढ़ाएंगे. पूरे प्रदेश में लोगों को इस आंदोलन से जोड़ेंगे. आगामी दिनों में मजदूरों की आवाज बनकर जनता दल (यूनाइटेड) कार्य करेगी. संवाददाता सम्मेलन में मुख्य रूप से जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जद(यू( प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, जद(यू ) जिला प्रवक्ता आकाश शाह शामिल थे.





