सारठ : छह दिवसीय प्रकृति के महापर्व सोहराय के तीसरे दिन भी आदिवासी बहुल गांवों में हर्षोल्लास का वातावरण बना रहा. उधर सारठ विधायक रणधीर सिंह भी सोहराय पर्व के रंग में पूरी तरह रंगे दिखे. इस दौरान श्री सिंह शुक्रवार को पलमा पंचायत के पलमा, चुरुलिया, पहरूडीह सहित अन्य आदिवासी बहुल गांवों में पहुंचे तथा ग्रामीणों के पर्व के उल्लास में शामिल हुए. ग्रामीणों के आमंत्रण पर पहुंचे श्री सिंह ने आदिवासी भाई-बहनों को सोहराय पर्व की शुभकामनाएं दी. इस मौके पर आदिवासी महिलाओं के पारंपरिक गीत व नृत्य के बीच विधायक श्री सिंह ने खुद मांदर बजाना शुरू कर दिया एवं उनके साथ झूमते नजर आये. इस अवसर पर ग्रामीण आदिवासियों ने अपने विधायक का जोरदार स्वागत किया. इस मौके पर श्री सिंह ने कहा कि प्रकृति से जुड़ा यह सोहराय पर्व आपसी भाईचारे का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय सारे गिले-शिकवे भूल कर मिल जुलकर यह पर्व मनाता है. उन्होंने कहा कि यही इस पर्व की सबसे बड़ी खासियत है. मौके पर विधायक के दर्जनों समर्थक भी मौजूद थे.




