
बहरागोड़ा : 26 सितंबर, गुरुवार को राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं केंद्रीय जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा का जोहार जन आशीर्वाद यात्रा कार्यक्रम काली संघ मैदान के बदले बहरागोड़ा मिडिल स्कूल मैदान में आयोजित होगा. कार्यक्रम स्थल का परिवर्तन किसी कारणवस किया गया है. इसकी जानकारी भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव ने दी. .इसके तहत भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कार्यकर्ताओं के साथ मिडिल स्कूल मैदान का जायजा लिया तथा मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं केंद्रीय जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, झारखंड राज्य के चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, सह प्रभारी नंद किशोर यादव आदि की जनसभा को लेकर सभा स्थल का निरीक्षण किया. साथ ही घाटशिला के एसडीओ अमर कुमार, एसडीपीओ रणबीर कुमार सिंह, भाजपा के जिला संगठन प्रभारी देवेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष चंडी चरण साहू, उपाध्यक्ष सुदीप पटनायक, मंडल अध्यक्ष बाप्टू साव, भाजपा मंडल महामंत्री राजकुमार कर व अन्य भी निरीक्षण के क्रम में मौजूद थे. जोहार जन आशीर्वाद यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ के पहले बहरागोड़ा मिडिल स्कूल मैदान में जनसभा के साथ होगा. यहां मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा एवं भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद यहां से जोहार जन आशीर्वाद यात्रा आरंभ होगी. यह यात्रा बहरागोड़ा मुख्य बाजार पथ होकर गुजरेगी, जो मानुषमुरिया पहुंचेगी. मनुषमुरिया में भी जनसभा होगी. उसके बाद वहां से चाकुलिया की ओर प्रस्थान करेगी. इससे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, झारखंड के चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, चुनाव सह प्रभारी नंदकिशोर यादव व अन्य हेलीकॉप्टर से बहरागोड़ा वन विश्रामागार के समीप स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे. वहां से सीधे सड़क मार्ग से मिडिल स्कूल मैदान पहुंचेंगे. इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा जोहार जन आशीर्वाद यात्रा कार्यक्रम को लेकर भाजपा के सभी कार्यकर्ता जोर-शोर से लगे हुए हैं. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं. डॉ गोस्वामी ने कहा जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के तहत मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी, जो मनुषमुरिया तक जायेगी.



