
जमशेदपुर : मानगो विकास समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह ने मानगो में अनियमित जलापूर्ति के कारणों की पड़ताल करने के उद्देश्य कुंवर बस्ती स्थित इंटेक वेल्स का दौरा किया। दौरे के क्रम में पाया गया कि जहां से पानी उठाया जाता है वहां भारी मात्रा में बालू भर गया था जिसे उठाने का काम जारी था। मौके पर मजदूर लगे हुए थे। कार्य की मानीटरिंग एसडीओ सुरेन्द्र सिंह और कनीय अभियंता सुरेश कुमार स्वयं कर रहे थे। भारी मात्रा में बालू भर जाने के कारण पानी का पंप पानी उठा पाने में अक्षम साबित हो रहा था। यद्यपि मोटर लगातार चल रहे थे। कार्य की प्रगति संतोष जनक दिखी और अधिकारियों की तत्परता से विश्वास हो गया कि अब शायद समस्या का समाधान जल्द निकलेगा और जलापूर्ति पुनः सामान्य हो पाएगी। हालांकि बालू का भरना बरसात के मौसम में होता ही रहेगा पर मुस्तैदी से कार्य करते रहेंगे, तो जलापूर्ति सामान्य बनी रहेगी। समिति के अध्यक्ष ने अधिकारियों को उनकी तत्परता के लिए साधुवाद दिया और पहले से ही सावधानी बरतने की जरूरत पर बल दिया।






