सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार तड़के कोलाबिरा के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो लोगों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में रापचा निवासी फुलसरी महतो की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि हाथीटांड़ निवासी शंभू चरण महतो गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों कदमा से दुगनी दवा लेने जा रहे थे. हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने उसका पीछा कर दुगनी क्षेत्र में वाहन को पकड़ लिया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतका का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया. ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा, दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की. गौरतलब है कि पिछले 24 घंटे में जिले में यह तीसरा जानलेवा सड़क हादसा है. लगातार हो रही दुर्घटनाओं से सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है.








