कांड्रा: सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत शेन इंटरनेशनल स्कूल के समीप बुधवार की सुबह दो ट्रेलर की आमने- सामने टक्कर हो गई, जिससे एक ट्रेलर का चालक केबिन में फंस गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस हाईड्रा के सहयोग से केबिन में फंसे चालक को निकालने में जुटी है. बताया जा रहा है कि दोनों ट्रेलर तेज रफ्तार से आ रहे थे. सरायकेला की ओर से आ रहे ट्रेलर में आयरन ओर लदा था और कांड्रा की ओर से आ रहा ट्रेलर खाली था. इसी दौरान शेन इंटरनेशनल स्कूल के समीप यह हादसा हुआ है. घटना के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है. समाचार लिखे जाने तक राहत और बचाव कार्य जारी है.



