
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में राहजनी की घटनाओं में बेतहाशा बढोत्तरी हो गई है. जहां आए दिन उचक्के राहगीरों को निशाना बना रहे हैं. उधर पुलिस मूक दर्शक बन कार्रवाई का भरोसा देकर कागजी कार्रवाई में जुट जाते हैं. आपको बता दें कि राहजनी की सबसे ज्यादा घटनाएं रेलवे कॉलोनी मैदान के आस- पास घटित हो रही है. जहां सरेशाम बेखौफ उचक्के आम लोगों को अपना निशाना बना कर छिनतई की घटना को अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं. इनका मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि ये राहगीरों के साथ मारपीट कर पैसे लूट की घटना को अंजाम दे रहे हैं. ताजा घटना शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे के आस- पास की बताई जा रही है. जहां रेलवे कॉलोनी स्थित मंदिर से राजद नेता महेंद्र यादव सांध्य आरती के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे, इसी बीच दो उचक्कों ने उन्हें घेर लिया, और मारपीट कर उनका मोबाईल और करीब पंद्रह सौ रुपए नगद छीनकर फरार हो गए. महेंद्र यादव ने उचक्कों से मुकाबला करने का काफी प्रयास किया मगर सफल नहीं हुए. उधर जबतक स्थानीय लोग जुटते तबतक अपराधी भागने में सफल रहे. उधर राजद नेता ने घटना की लिखित शिकायत आरआईटी थाना पुलिस को दी, लेकिन थाने में मौजूद अधिकारियों ने बड़ा बाबू के आने के बाद ही रिसिविंग देने की बात कह उन्हें वापस लौटा दिया. स्थानीय लोगों की अगर मानें तो रेलवे कॉलोनी मैदान में आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही है. पुलिस को लगातार इसकी सूचना भी देने की बात स्थानीय लोगों द्वारा बताया जा रहा है. लेकिन पुलिस इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर रही, जिससे राहगीरों के साथ स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है.



