सरायकेला : झुंड से बिछड़े हाथी ने नातीडीह गांव में मंगलवार की रात एक नाबालिक बच्चे को उठाकर पटक दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. वन विभाग की टीम हाथी की तलाश में रातभर गांव में जुटी रही. लेकिन इसी दौरान हाथी सरायकेला नगर क्षेत्र में घुस आया और तांडव मचाने लगा. हाथी ने हाटसाई स्थित एक महिला पुलिसकर्मी के घर के बाहर खड़ी उनकी कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. साथ ही कार का शेड भी तोड़ दिया. यह घटना रात करीब 12:15 बजे की बताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

कार की आवाज सुनकर जब परिजन बाहर निकले तो हाथी को देखकर दहशत में आ गए. उन्होंने तुरंत सरायकेला थाना और वन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से हाथी को नगर क्षेत्र से बाहर भगाया गया. नगर वासी रातभर मशाल लेकर हाथी को भगाने में लगे रहे. हाथी गुटूसाई बस्ती होते हुए मानिक बाजार गांव की ओर निकल गया. वन विभाग की टीम अभी भी हाथी की तलाश में जुटी है. साथ ही लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है. हाथी के हमले में घायल नाबालिक का इलाज जारी है. उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.



